तरुण भारत संघ का नदी पुनर्जीवन और प्रकृति संरक्षण का कार्य आज दुनिया के लिए सीख और प्रेरणा बन रहा है।


तरुण भारत संघ का नदी पुनर्जीवन और प्रकृति संरक्षण का कार्य आज दुनिया के लिए सीख और प्रेरणा बन रहा है।
—
स्थान- ऑस्टिन, अमेरिका
—
तरुण भारत संघ का नदी पुनर्जीवन और प्रकृति संरक्षण का कार्य आज दुनिया के लिए सीख और प्रेरणा बन रहा है। अमेरिका के ऑस्टिन में लोअर कोलोराडो नदी बेसिन के छोटे-छोटे झरने सूखकर समाप्त हो रहे थे। रियल एस्टेट के डंपिंग ग्राउंड बनने और अन्य मानवीय गतिविधियों के कारण इन झरनों का अस्तित्व संकट में पड़ गया था। छोटे-छोटे झरनों का इस तरह सूखना और मरना वहाँ एक बड़ी पर्यावरणीय समस्या बनता जा रहा था।
ऑस्टिन के एक संगठन में इकोलॉजिकल एक्शन के निदेशक एरिक को इस समस्या का समाधान खोजने के लिए तरुण भारत संघ के कार्यों को देखने और नदी पुनर्जीवन की पद्धति सीखने के लिए भारत भेजा गया। उन्होंने भारत आकर तरुण भारत संघ के कामों को देखा, समझा और उनसे प्रशिक्षण प्राप्त किया। विशेष रूप से उन्होंने यह सीखा कि खनन और अन्य मानवीय गतिविधियों के कारण सूखने और मरने वाले झरनों को वर्षा जल संरक्षण के माध्यम से किस प्रकार पुनर्जीवित किया जा सकता है और किस तरह इन छोटे झरनों का पुनर्जीवन नदियों को भी नया जीवन दे सकता है।
तरुण भारत संघ के पचास वर्षों के अनुभवों और सफल कार्यों से प्रेरणा लेकर एरिक ऑस्टिन लौटे। उन्होंने लोअर कोलोराडो नदी बेसिन के सूखते और मरते झरनों को पुनर्जीवित करने का काम अपने संगठन के माध्यम से शुरू किया। इस कार्य में शहर के स्वयंसेवकों को भी जोड़ा गया। उन्होंने सामुदायिक भागीदारी के आधार पर झरनों और उनके जलस्रोतों के संरक्षण तथा पुनर्जीवन का अभियान प्रारंभ किया।
इस काम को देखने और समझने के लिए एरिक ने तरुण भारत संघ के अध्यक्ष जलपुरुष राजेंद्र सिंह को ऑस्टिन आमंत्रित किया। जलपुरुष राजेंद्र सिंह 13, 14,15 नवंबर को ऑस्टिन में रहे। उन्होंने मौके पर जाकर स्वैच्छक कार्यकर्ता के कामों को देखा और उनसे बातचीत करके समझा कि उन्होंने यह काम किस प्रकार किया है। उन्होंने यह भी जाना कि सामुदायिक और विकेंद्रीकृत जल प्रबंधन के माध्यम से पूरी पारिस्थितिकी को किस प्रकार स्वस्थ बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर भारत से अनुपम सराफ, अरुंधती सराफ और दीपक जैन भी साथ थे। भारत के अनेक स्वैच्छक कार्यकर्ता भी इस कार्य को देखने के लिए उपस्थित थे। सभी यह देखकर आनंदित हुए कि भारत की पारंपरिक जल संरक्षण पद्धतियों से सीख लेकर अमेरिका के लोगों ने अपने क्षेत्र की नदियों और झरनों को पुनर्जीवित करने का सराहनीय प्रयास किया है।
दो दिनों तक इस कार्य को देखने और समझने के बाद जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने सभी स्वैच्छक कार्यकर्ताओं को शाबाशी दी। उन्होंने कहा कि इक्कीसवीं सदी के पारिस्थितिकीय संकटों के समाधान का एक ही रास्ता है कि हम प्रकृति से प्यार करें, प्रकृति से सीखें और अपनी प्राकृतिक समझ तथा शक्ति को प्रकृति के पुनर्जनन में लगाएं। जब हमारी प्राकृतिक शक्ति प्रकृति के पुनर्जीवन में लगती है, तब हमारा समाज भी आगे बढ़ता है, हमारी सांस्कृतिक समृद्धि भी बढ़ती है और समूचा समाज प्रगति करता है।
आज यूरोप और अमेरिका के लोग दुनिया के किसी भी हिस्से से अच्छी सीख लेने और उसे अपने जीवन में अपनाने के लिए तैयार रहते हैं। वे कहीं से भी ज्ञान प्राप्त करके अपने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं। लेकिन हम अपनी समस्याओं को जानते और समझते हुए भी उनके समाधान के लिए काम करने को तैयार नहीं होते। यही पूरब और पश्चिम के बीच एक बड़ा अंतर दिखाई देता है।
उत्तर और दक्षिण तथा पूरब और पश्चिम के देशों के पास अपनी-अपनी तरह का ज्ञान और अनुभव है। दक्षिण और पूरब के देशों के पास प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत रही है। उनके पास ज्ञान की बड़ी पूंजी है। लेकिन धीरे-धीरे वे अपनी विरासत को भूलते जा रहे हैं। अपनी परंपराओं और प्राकृतिक ज्ञान के प्रति उनके मन में पहले जैसा लगाव और गौरव नहीं रह गया है।
जब कोई समाज अपनी विरासत के प्रति चेतना खो देता है, तब उसे अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा का गौरव भी याद नहीं रहता। यही कारण है कि आज ऐसा दिखाई दे रहा है कि जिन देशों की ऐतिहासिक विरासत बहुत पुरानी नहीं है, वे भी आर्थिक और पारिस्थितिकीय क्षेत्रों में पूरब और दक्षिण के देशों से आगे निकल रहे हैं।
उत्तर और पश्चिम के अनेक देशों का इतिहास लगभग पांच सौ वर्षों का है। उनकी आधुनिक शिक्षा और विकास की व्यवस्था भी काफी हद तक स्वार्थ केंद्रित रही है। इसके बावजूद वे आज आर्थिक और पारिस्थितिकीय प्रगति में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसका एक बड़ा कारण यह है कि उनके जीवन में प्राकृतिक संकटों का सामना हमेशा बना रहा है। इसलिए वे अधिक सचेत और सक्रिय होकर अपने समय और परिस्थितियों को समझते रहे हैं। वे हर क्षण बदलती परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को तैयार करके काम करते रहे हैं।
आज दुनिया को देखने और समझने से यही अनुभव होता है कि पश्चिम और उत्तर के देशों में प्रगति तेजी से हो रही है और अब उनका रुझान प्रकृति की ओर भी बढ़ रहा है। मैंने उत्तरी अमेरिका में इसे अपनी आंखों से देखा है। यूरोप के देशों में भी मैंने यह बदलाव स्पष्ट रूप से देखा है। वहां के लोग अब अपनी प्रकृति को समझने और उसे बचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
लेकिन यह चिंता का विषय है कि जिन दक्षिण और पूरब के देशों की आस्था, संस्कृति और जीवन का बड़ा हिस्सा प्रकृति के साथ जुड़ा रहा है, वे ही अपनी प्राकृतिक विरासत को क्यों भूलते जा रहे हैं। इस चिंता से मुक्ति पाने के लिए हमें चिंतन करने के साथ तुरंत काम में लगना होगा। हमें अपनी प्रकृति और संस्कृति को जोड़कर उनकी रक्षा करने के लिए सक्रिय होना होगा।
इक्कीसवीं सदी में चाहे उत्तरी अमेरिका हो, दक्षिणी अमेरिका हो, एशिया हो या यूरोप, दुनिया के चारों ओर प्रकृति का विनाश हो रहा है। इसी विनाश के कारण जलवायु आपदाएं बढ़ रही हैं। इन आपदाओं से निपटने के लिए हमें अपनी प्राकृतिक समझ और सांस्कृतिक ज्ञान को जोड़कर काम करना होगा।
हमारी प्राकृतिक समझ से तैयार होने वाला मानचित्र और विकास का प्रारूप ही हमें प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना विकास के रास्ते पर चलना सिखाता है। इसलिए विकास की दिशा तय करते समय प्रकृति की संरचना, उसकी जरूरतों और उसके पुनर्जनन की क्षमता को समझना आवश्यक है।
तरुण भारत संघ के अनुभव हमें यही सिखाते हैं कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं या बड़े संसाधनों से संभव नहीं है। इसके लिए स्थानीय समुदायों की भागीदारी, पारंपरिक ज्ञान, वर्षा जल संरक्षण और विकेंद्रीकृत जल प्रबंधन को अपनाना होगा। हमें अपनी प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से सीखकर उसे वर्तमान समय की समस्याओं के समाधान में लगाना होगा। यही रास्ता नदियों, झरनों, समाज और पूरी पारिस्थितिकी को नया जीवन देने का रास्ता है।
__
सादर
पारस प्रताप सिंह ‘ पुरुषार्थ’
मो.9009739338
#america #Water #people




